Date: 24/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मुंगेर में 8 साल के बच्चे के गले से लॉकेट चोरी, 18 घंटे में दो नाबालिग पकड़े गए; स्वर्णकार भी गिरफ्तार...

9/24/2026 7:02:27 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर के मुर्गियाचक में आठ साल के बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काटकर फरार हुए दो नाबालिगों को पुलिस ने 18 घंटे के अंदर पकड़ लिया। पुलिस ने चोरी का लॉकेट खरीदने वाले स्वर्णकार को भी गिरफ्तार किया है। पूरी कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई।
 मुर्गियाचक मोहल्ले में आठ साल का बच्चा साइकिल चला रहा था। इसी दौरान दो लड़कों ने बच्चे के गले से सोने का हनुमान जी का लॉकेट काट लिया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पूरबसराय थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें एक लड़का बच्चे की साइकिल पर बैठकर लॉकेट काटता दिखाई दिया। पुलिस ने पहचान के बाद कोतवाली थाना क्षेत्र से दोनों विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध कर लिया। पूछताछ में पता चला कि लॉकेट 16 हजार रुपये में मोगल बाजार के एक स्वर्णकार को बेचा गया था। पुलिस ने दुकान पर छापेमारी कर चोरी का लॉकेट बरामद किया और स्वर्णकार किशन सोनार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दोनों नाबालिगों के पास से 11 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद हुए। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पूरबसराय थानाध्यक्ष सौरभ कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने 18 घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन करते हुए कार्रवाई की है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट