Date: 30/09/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 ट्रकों की ओवरटेकिंग बनी काल, साइकिल सवार पान विक्रेता की मौत; 25 लाख मुआवजे की मांग,लोगो में आक्रोष!....

9/30/2026 12:54:19 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ में मंगलवार की रात दो ट्रकों के बीच ओवरटेकिंग के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रकों की चपेट में आने से साइकिल सवार पान विक्रेता सुरेश चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। सुरेश दुहाटांड़ का रहने वाला था।
बताया जाता है कि सुरेश मंगलवार की रात साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान एफसीआई गोदाम की ओर से कई ट्रक मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक रोड की तरफ जा रहे थे। इसी क्रम में दो ट्रक एक-दूसरे को ओवरटेक करने लगे और इसी दौरान साइकिल सवार सुरेश एक ट्रक की चपेट में आ गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और देर रात तक शव के साथ घटनास्थल पर जमे रहे। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और तीन-चार ट्रकों के शीशे भी तोड़े गए। सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता भृगुनाथ भगत ने आरोप लगाया कि इस सड़क पर ट्रक चालकों की मनमानी के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा, एक आश्रित को नौकरी देने और एफसीआई गोदाम की ओर से ट्रकों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। मुआवजा और नियोजन का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने सड़क जाम हटा लिया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क