Date: 29/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

रक्षाबंधन पर अनोखी परंपरा: बाहरदाढ़ी में पेड़ों को बांधी गई  राखी, ग्रामीणों ने लिया जंगल बचाने का संकल्प

8/28/2026 12:56:48 PM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : रक्षाबंधन के मौके पर पोटका के बाहरदाढ़ी गांव में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। यहां ग्रामीणों ने साल के पेड़ों को राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान जंगल में पहुंचे महिला-पुरुषों ने पेड़ों पर तिलक लगाया, आरती उतारी और रक्षासूत्र बांधा। ग्रामीणों ने कहा कि पेड़ उनके लिए सिर्फ प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के समान हैं। जिस तरह रक्षाबंधन पर भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी तरह ग्रामीणों ने भी पेड़ों और जंगल की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल उन्हें शुद्ध हवा, छांव और जीवन के लिए जरूरी प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध कराता है। पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित होता है। इसलिए उन्होंने किसी भी कीमत पर जंगल को बचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों की इस पहल की सराहना की और वन संरक्षण के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया। वही इस मौके पर स्थानीय भाजपा नेता उपेंद्र सरदार ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर ग्रामीणों ने पेड़ों को राखी बांधकर जंगल बचाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती है। ग्रामीणों का यह संदेश बेहद साफ है—पेड़ और जंगल सुरक्षित रहेंगे, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट