Date: 23/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस ने नूतन छात्रावास में मारा छापा ,हथियार और जिंदा कारतूस बरामद; छह गिरफ्तार

10/22/2026 6:53:17 PM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara  : भोजपुर जिले के आरा में अपराध की योजना बना रहे संदिग्धों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला स्थित नूतन छात्रावास में पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर एक देसी पिस्तौल, मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उक्त बातें भोजपुर पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने संवाददाता सम्मलेन के दौरान कहीं, उन्होंने बताया कि 
 21 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में करमन टोला स्थित नूतन छात्रावास में छिपे हुए हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के प्रत्यक्ष नेतृत्व में सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) और नवादा थाना पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
 
इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में छात्रावास के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान कई संदिग्ध व्यक्ति बिना किसी वैध कारण के वहां रह रहे थे। कार्रवाई में एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, लोहे का एक ताबीज, दो ब्लूटूथ जैसे उपकरण, नौ मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
 
गिरफ्तार आरोपितों में भोजपुर जिले के विभिन्न इलाकों के युवक शामिल हैं। पुलिस ने प्रद्युम्न कुमार सिंह, अभिजीत कुमार चौबे, गोलू कुमार सिंह, लवकुश कुमार तिवारी, धीरज कुमार और मोहित कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। 
 
इस मामले में आरा नवादा थाना कांड संख्या 788/26, दिनांक 21 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
 
फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कई सवाल भी उठ रहे हैं कि छात्रावास में हथियार और कारतूस लेकर संदिग्ध युवक किस उद्देश्य से ठहरे हुए थे और क्या वे किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। इन बिंदुओं पर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष कुमार की रिपोर्ट