Jamtara : जामताड़ा समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मादक पदार्थो की तस्करी एवं दुरूपयोग आदि को रोकने से संबंधित जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आहूत किया गया। बैठक के दौरान मादक द्रव्य पदार्थों के नियंत्रण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विमर्श करते हुए उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने जिले में नशामुक्ति को लेकर विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान में तेजी लाने एवं इसके व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभाव एवं इससे बचाव को लेकर प्रत्येक कार्यक्रमों में इसे शामिल करें एवं लोगों को इससे दूर रहने की सलाह दें। वहीं इस अभियान को व्यापक रूप देते हुए जिले के सभी विद्यालयों में, ग्रामीण स्तरों में जेएसएलपीएस सखी मंडल के माध्यम से इसे जोड़ने का निर्देश दिया, ताकि जमीनी स्तर पर लोगों को नशे के दुष्प्रभाव से अवगत हों एवं इससे दूरी बनाएं। वहीं इसके अलावा उन्होंने नगर क्षेत्र में निबंधित दुकानों के ट्रेड लाइसेंस की जानकारी लेते हुए सभी दुकानों को शॉप्स एवं एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत रेगरलाइज करने का निर्देश दिया। इसके अलावा जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स में औचक छापेमारी करते हुए प्रतिबंधित ड्रग्स की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना डॉक्टर्स के प्रिस्क्रिप्शन के नींद सहित कोई भी प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री नहीं की जाए, इसे सुनिश्चित करें। जो मेडिकल शॉप इसका उल्लंघन करते पाए जाते हैं उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करें। इसके अलावा बैठक के दौरान उन्होंने जिले में अवैध रूप से नशा से जुड़े बने हॉटस्पॉट को चिह्नित करते हुए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। उन्होंने गांधी मैदान, बस स्टैंड, पर्वत विहार पार्क सहित विभिन्न स्थलों में नियमित पेट्रोलिंग करते हुए कार्रवाई का निर्देश दिए। उन्होंने बैठक के दौरान जिले के युवाओं से अपील कर कहा कि नशे का सेवन नहीं करें, नशापान स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा करता है, जिससे जान भी जा सकती है। इसके अलावा हाल के कुछ महीनों में जिले में ड्रग्स के कुछ मामलों के संज्ञान में आने को लेकर उन्होंने पुलिस प्रशासन को इस मामले पूरी तरह सतर्क होकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं आयुष विभाग को भी नशा मुक्ति से जुड़े अभियानों में बढ़चढ़ कर शामिल होने, विद्यालयों एवं अन्य स्थानों में इस अभियान से जोड़ने सहित विभिन्न बिंदुओं पर जरूरी दिशा निर्देश दिया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ एस के मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक मु० नीलम कुजूर, जिला कृषि पदाधिकारी अनूप कुमार हेम्ब्रम, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़