Date: 23/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जमीन विवाद में पीडीएस दुकान-घर में आगजनी, स्कूटी भी जली।

10/23/2026 11:43:08 AM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamui : खैरा थाना क्षेत्र के बानपुर गांव में सात साल पुराने जमीन विवाद को लेकर पीडीएस दुकानदार की दुकान और घर में आग लगाने का आरोप लगा है। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। आग लगने से स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि पीडीएस दुकान का दरवाजा और वहां रखा कुछ गेहूं भी जल गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना में करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आगजनी से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, बानपुर गांव निवासी महमूद आलम, पिता स्वर्गीय आसीन खान के अनुसार, करीब सात वर्ष पूर्व उन्होंने अमीर हसन और फैयाज खान के पिता से जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। जमीन से संबंधित केवाला और रसीद भी उनके पास मौजूद हैं। आरोप है कि अब अमीर हसन और फैयाज खान उक्त जमीन पर दखल-कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। लिहाजा, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद गहराता चला गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, 18 अक्टूबर को जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट और धक्का-मुक्की हुई थी। इस मामले में खैरा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि इसके दो ही दिन  के बाद रात अमीर हसन और फैयाज खान ने उनकी पीडीएस दुकान में आग लगा दी। इस घटना में स्कूटी समेत अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। एसपी से लगाई न्याय और सुरक्षा की गुहार । घटना के बाद महमूद आलम और उनके पुत्र फरदीन खान ने गुरुवार को जमुई एसपी विश्वजीत दयाल से मिलकर आवेदन दिया। उन्होंने सुरक्षा मुहैया कराने और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। पीड़ित पक्ष ने बताया कि आगजनी की घटना को लेकर खैरा थाना में आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, एसपी ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। बहरहाल, सात साल पुराने जमीन विवाद के बीच पहले मारपीट और फिर आगजनी की घटना ने मामले को गंभीर बना दिया है। हालांकि, पीड़ित परिवार का कहना है कि विवाद की शुरुआत जमीन पर कब्जे के प्रयास को लेकर हुई थी। फिलहाल, पीड़ित पक्ष ने करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।वहीं पूरे मामले को लेकर खैरा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि दोनों ही मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच की जा रही है।
 
जमुई से कोयलांचल लाइव के लिए पुरुषोत्तम कुमार की रिपोर्ट ।