Date: 18/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

चालकों की 10 सूत्री मांगों को लेकर सड़क पर उतरा ड्राइवर एसोसिएशन, सरकार को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

11/17/2026 12:19:09 PM IST

31
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad  :  जहानाबाद में चालकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान, सामाजिक सुरक्षा और अपने अधिकारों की मांग को लेकर मंगलवार को ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले चालकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की शुरुआत एरकी से हुई, जो कनौदी पेट्रोल पंप तक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में शामिल चालकों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि संगठन लंबे समय से चालकों के हितों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में चालकों के लिए वेलफेयर फंड का गठन, उनके बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए विशेष व्यवस्था और चालक की मृत्यु होने पर आपदा राहत का लाभ देना शामिल है। इसके अलावा सड़क दुर्घटना में चालक की मौत होने पर परिजनों को 20 लाख रुपये तथा अपंग होने की स्थिति में 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई है। चालकों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। संघ ने मकान निर्माण के लिए चालकों को पांच लाख रुपये अनुदान देने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर शौचालय और वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने की मांग रखी। वहीं, वाहनों में कैमरे लगाने की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी का पता लगाया जा सके।अन्य मांगों में एक सितंबर को ड्राइवर दिवस घोषित करने, सभी अस्पतालों में चालकों के लिए आईसीयू की व्यवस्था करने तथा थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के स्थान पर फर्स्ट पार्टी इंश्योरेंस लागू करने की मांग शामिल है। जिला अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि इन मांगों को लेकर पूर्व में भी आंदोलन किया गया था, लेकिन सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई। इस बार भी सरकार को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र विचार करने की अपील की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं की गईं तो संगठन राज्य स्तर पर इससे भी व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।
 

जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट |