Samastipur : बिहार के समस्तीपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नशे की लत और रुपये की मांग को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव का है। यहां सोमवार की देर रात नशे के लिए रुपये नहीं मिलने पर गुस्साए बेटे ने अपने पिता पर कुदाल से हमला कर दिया। इस हमले में पिता की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची मां भी घायल हो गईं। मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी मो. इस्लाम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम मो. अरमान बताया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात अरमान अपने घर में नशे के लिए रुपये मांग रहा था। इसी बात को लेकर पिता के साथ उसका विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर अरमान ने कुदाल से अपने पिता पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण मो. इस्लाम की मौत हो गई। वहीं पति पर हमला होते देख उनकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो वह भी जख्मी हो गईं। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे मो. अरमान को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़