Date: 27/11/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

20 से 100 रुपये तक वसूली, फिर भी कीचड़ में बाजार! किसानों की परेशानी पर कौन देगा जवाब?

11/27/2026 12:37:30 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gumla : गुमला जिले के सिसई प्रखंड क्षेत्र के थाना रोड स्थित सिसई बाजार टांड़ में प्रत्येक गुरुवार और रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। इस बाजार में सिसई प्रखंड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान अपनी साग-सब्जियां बेचने पहुंचते हैं। लेकिन विडंबना यह है कि किसानों से बाजार में दुकान लगाने और सब्जियां बेचने के एवज में बाजार शुल्क तो वसूला जाता है, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं। बाजार में सब्जी बेचने आने वाले किसानों से ठेकेदार के द्वारा 20 रुपये से ज्यादा शुल्क वसूले जाने की बात सामने आ रही है। किसानों का आरोप है कि उनसे पैसे लेने में कोई कोताही नहीं बरती जाती, लेकिन सुविधाएं देने के नाम पर जिम्मेदार लोग चुप्पी साध लेते हैं। बाजार टांड़ की स्थिति ऐसी है कि जगह-जगह गंदगी और कीचड़ का अंबार लगा हुआ है। बारिश के बाद बाजार परिसर में कीचड़ फैल जाने से किसानों और ग्राहकों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसानों के बैठने और सब्जियां रखने के लिए कोई पक्की व्यवस्था नहीं है। वहीं, धूप और बारिश से बचने के लिए भी बाजार परिसर में शेड की व्यवस्था नहीं की गई है।  बाजार में सब्जी बेचने पहुंचे किसानों ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि ठेकेदार के द्वारा बाजार शुल्क की वसूली तो जबरन की जाती है, लेकिन इसके बदले उन्हें किसी प्रकार की सुविधा नहीं मिलती। न बैठने की उचित व्यवस्था है और न ही बारिश और धूप से बचने के लिए कोई इंतजाम। ऊपर से चारों तरफ फैली गंदगी और कीचड़ के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है। किसानों का कहना है कि खेती-किसानी करके पहले ही उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बाजार में सब्जियां बेचने के लिए भी शुल्क देना पड़ता है, लेकिन बदले में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिलतीं।  सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब किसानों से बाजार शुल्क की वसूली की जाती है, तो बाजार परिसर की साफ-सफाई, जल निकासी, बैठने की व्यवस्था और शेड निर्माण की जिम्मेदारी किसकी है? आखिर बाजार शुल्क के रूप में वसूली जाने वाली राशि का उपयोग कहां किया जा रहा है| किसानों की बदहाल स्थिति से स्थानीय प्रशासन और संबंधित जिम्मेदार लोग अनजान नहीं हो सकते। इसके बावजूद बाजार टांड़ की व्यवस्था में सुधार नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
 
 

गुमला से कोयलांचल लाइव के लिए अमित राज की रिपोर्ट