Date: 27/11/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

शादी की खुशियां बदलीं चिंता में! बाबा धाम जाते वक्त पलटी कार, दूल्हा-दुल्हन समेत चार घायल...

11/27/2026 12:37:30 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : जामताड़ा  मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा के समीप सड़क दुर्घटना हुई है, बताते चलें कि पश्चिम बंगाल के रानीगंज से एक परिवार देवघर पूजा-अर्चना करने सुबह जा रहे थे। चालक को झपकी आने के कारण तेज रफ्तार होंडा कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में नवविवाहित जोड़े समेत कार सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और मिहिजाम पुलिस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी शंभू बरनवाल (56), उनकी पत्नी ज्योति बरनवाल (50), पुत्र और बहू नंदिनी बरनवाल (28) कार से देवघर जा रहे थे। बताया जाता है कि शंभू बरनवाल के पुत्र की महज दो दिन पूर्व ही शादी हुई थी। शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करने देवघर जा रहा था। इसी दौरान बेवा के समीप अहले सुबह चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में कार सवार सभी चार लोग घायल हो गए। हादसे में नवविवाहिता नंदिनी बरनवाल के माथे पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें कई टांके लगाए। वहीं, शंभू बरनवाल को सीने में दर्द की शिकायत है, जबकि उनकी पत्नी ज्योति बरनवाल भी घायल हुई हैं। अन्य घायल का भी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। इधर, सड़क दुर्घटना की खबर मिलते ही शुक्रवार सुबह अन्य परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे। शादी के महज दो दिन बाद ही नवविवाहित जोड़े के साथ हुए इस हादसे से परिवार के लोगों में चिंता और मायूसी का माहौल है।
 
 

जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट