Date: 27/11/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पत्नी-पुत्र के नाम 76 संपत्तियां! भगत यादव के ठिकानों पर ईओयू की ताबड़तोड़ छापेमारी..

11/27/2026 12:37:30 PM IST

6
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गयाजी जमीन के कारोबार की आड़ में कथित तौर पर अकूत संपत्ति अर्जित करने और करीब 200 एकड़ जमीन का साम्राज्य खड़ा करने के आरोपों से घिरे डोभी थाना क्षेत्र के सिंहपुर निवासी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार की अहले सुबह ईओयू की अलग-अलग टीमों ने भगत यादव से जुड़े ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी शुरू की। गया और डोभी में पांच ठिकानों के अलावा औरंगाबाद तथा झारखंड में भी एक अन्य ठिकाने पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। अचानक हुई इस कार्रवाई से जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है। टीम जमीन की रजिस्ट्री, खरीद-बिक्री के दस्तावेज, संपत्ति के स्वामित्व और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। दरअसल, भगत यादव के खिलाफ दिए गए एक लिखित आवेदन में करीब 200 एकड़ जमीन अर्जित करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। आवेदन में दावा किया गया है कि जमीन पर कथित कब्जा, रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति खड़ी की गई। आरोप है कि संपत्तियों को सीधे अपने नाम पर रखने के बजाय पत्नी सुनीता देवी, पुत्र आर्यन कुमार, कंपनी और कथित सहयोगियों के नाम पर खरीदा गया है। अब ईओयू की कार्रवाई में इन संपत्तियों के वास्तविक मालिकाना हक और आय के स्रोत की जांच अहम मानी जा रही है। 76 संपत्तियों की सूची, कई जिलों में फैला कथित नेटवर्क| आवेदन के साथ संलग्न दस्तावेज में कुल 76 क्रमांक तक जमीन और संपत्तियों की प्रविष्टियां दर्ज हैं। इसमें सुरेंद्र कुमार सुमन, पत्नी सुनीता देवी, पुत्र आर्यन कुमार, सुधीर पांडेय, उपेंद्र प्रसाद समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। वर्ष 2014 से 2026 तक की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री का ब्योरा दिया गया है। संपत्तियों का उल्लेख बजौरा, बोधगया, शेरघाटी, बाराचट्टी, डोभी, परसावां, बड़गांव, अमरथ और गया के अन्य इलाकों में किया गया है। बोधगया से पटना तक फ्लैट, हाईवे किनारे भी जमीन| दस्तावेज में बोधगया के दो फ्लैट का उल्लेख है, जिनका क्षेत्रफल क्रमशः 0.5345 और 0.7395 दर्ज है। पटना में भी 1.0147 क्षेत्रफल वाले फ्लैट का विवरण दिया गया है। 28 नवंबर 2024 को बजौरा में 73.50, 70 और 22 डिसमिल जमीन की अलग-अलग प्रविष्टियां हैं। सात फरवरी 2024 को 1.86 एकड़ तथा 25 मार्च 2023 को एक एकड़ जमीन की खरीद का भी उल्लेख है। 24 मार्च 2026 की प्रविष्टियों में भी एक एकड़ और 73.50 डिसमिल समेत अन्य जमीन का ब्योरा दर्ज है। कंपनी के नाम पर भी संपत्ति अर्जित करने का आरोप| आवेदन में Ananya Crops India Pvt Ltd का नाम भी सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के माध्यम से पत्नी और पुत्र के नाम पर संपत्तियां अर्जित की गईं। बोधगया-शेरघाटी हाईवे के किनारे तथा बोधगया और पटना के आसपास करीब 200 एकड़ जमीन खरीदने का दावा किया गया है। कुछ जमीन भूदान, यज्ञ समिति और सीलिंग से संबंधित होने का आरोप भी लगाया गया है। बिहार-झारखंड में 23 प्राथमिकी का दावा| आवेदन में भगत यादव के खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में 23 प्राथमिकी दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें टिकारी 274/03, बोकारो चास 108/03, धनबाद जोगता 51/10, रामपुर 92/01 एवं 28/04, कोतवाली 120/04, बोधगया 56/04, शेरघाटी 434/21, 643/17, 145/18 एवं 1167/23, डोभी 358/11 तथा बाराचट्टी 16/07 सहित अन्य कांड शामिल हैं। झारखंड के डुमरी और हंटरगंज थानों के मामलों के साथ डोभी थाना कांड संख्या 168/26 एवं 219/26 का भी जिक्र है। आवेदन में इन मामलों को अपहरण, रंगदारी और जमीन कब्जा जैसी गतिविधियों से संबंधित बताया गया है। फिलहाल ईओयू की कार्रवाई का मुख्य केंद्र संपत्तियों के दस्तावेज, उनके अर्जन के स्रोत, कथित बेनामी निवेश और वित्तीय लेनदेन की जांच है। छापेमारी में कौन-कौन से महत्वपूर्ण कागजात और साक्ष्य मिले हैं तथा कथित संपत्ति साम्राज्य के पीछे किन लोगों की भूमिका है, इसका खुलासा जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही हो सकेगा।
 

गया से कोयलांचल लाइव लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट