Date: 01/02/2025 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पहाड़ी क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती, चार युवा किसान गिरफ्तार  

1/31/2025 3:13:54 PM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : सरायकेला पुलिस ने कुचाई थाना क्षेत्र से अवैध अफीम की खेती में शामिल चार युवा किसानों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस ने इनके खेतों से 16 अफीम के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस की गिरफ्त में आए अवैध अफीम की खेती करते किसानों में कुचाई थाना अंतर्गत दलभंगा ओपी के मेरोमगंजा निवासी 25 वर्षीय सुखराम मुंडा, 27 वर्षीय बुधराम मुंडा, कुदाडीह निवासी सोना पातर और जामडीह निवासी 25 वर्षीय दीपू प्राधन शामिल हैं। आज एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार जागरूकता अभियान और विनष्टीकरण के बाद अब गिरफ्तारियों का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दलभंगा ओपी अंतर्गत मेरोमगंजा गांव के समीप अगल-बगल के पहाड़ी क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की गई है। इस सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु एक छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित छापेमारी दल द्वारा मेरोमजंगा गांव में कुल 3.70 एकड़ जमीन में लगे अवैध अफीम की खेती को विनष्ट किया गया। इसी दौरान कुल चार लोगों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।  बता दें कि इस साल अबतक कुल छः किसानों को अवैध अफीम की खेती के मामले में गिरफ्तार किया है। मालूम हो कि जिले के एसपी मुकेश कुमार लुणायल के निर्देशन में अवैध अफीम के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस ने एक फसलीय वर्ष में 80 फ़ीसदी जमीन पर लगे अफीम की खेती को विनष्ट करने में सफलता हासिल की है। एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने बताया कि इस साल अबतक कुल 317 एकड़ जमीन में हो रहे अवैध अफीम की खेती को विनष्ट किया गया है। 
 
कोयलांचल लाइव के लिए जमशेदपुर से मो. अकबर की रिपोर्ट