Date: 25/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दो गुटों में हिंसक झड़प, 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा ठप 

6/12/2025 1:52:50 PM IST

7499
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Bhadrak  :  भद्रक ज़िले के तिहिडी थाना क्षेत्र में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पैदा हुए तनाव को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं. यह निर्णय बुधवार सुबह 6 बजे से गुरुवार सुबह 6 बजे तक के लिए लागू किया गया है. 30 मई को तिहिडी थाना अंतर्गत काश्ती गांव में दो गुटों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें संतोष परिदा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे तत्काल इलाज के लिए भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस खबर के फैलते ही भद्रक ज़िले के तिहिडी, धामनगर और पूरणांचल क्षेत्रों में तनाव फैल गया. जिला प्रशासन और पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ऐहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद करने का निर्णय लिया. भद्रक के एसपी मनोज राउत ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में एफआईआर नंबर 197/25 दर्ज किया गया है. पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. शांति बनाए रखने के लिए प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है.
मुआवज़ा और सरकारी नौकरी की घोषणा
राज्य सरकार की ओर से मृतक संतोष परिदा के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई है. बुधवार को मृतक का शव उसके गांव पहुंचने पर किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए.
इन इलाकों में इंटरनेट बंद
भद्रक ब्लॉक, पूरणांचल, तिहिडी ब्लॉक, धामनगर ब्लॉक और एनएसी क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से निलंबित कर दी गई हैं. प्रशासन का कहना है कि यह कदम ग़लत सूचनाओं के प्रसार और अफवाहों से बचने के लिए उठाया गया है.
शांति बनाए रखने की अपील
एसपी मनोज राउत ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें. उन्होंने कहा कि प्रशासन हालात पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह की हिंसा या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
कोयलांचल लाइव डेस्क 


सम्बंधित खबरें

# कतरास में भू-धंसान के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, BCCL के रवैये के विरोध में बाजार बंद; चरणबद्ध आंदोलन का आगाज .....
# मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की मौत, CM हेमंत सोरेन बोले- हृदयविदारक खबर से मन व्यथित
# सड़क हादसे में  ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का हुआ निधन 
# हाथी के हमले में बुजुर्ग की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल, घर लौट रहे बुजुर्ग दंपती पर हाथियों के झुंड ने किया हमला, इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम....
# औरंगाबाद सिंघना गांव में कर्म पूजा के अवशेष विसर्जन के दौरान डूबी चार युवतियां, एक की हुई मौत,दो घंटे बाद मिला शव....