Date: 02/04/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 बरवाअड्डा NH पर साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

4/2/2026 11:35:12 AM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
dhanbad : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के किसान चौक के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान टुण्डी थाना क्षेत्र के तारडांड निवासी 50 वर्षीय किशन महतो के रूप में हुई है।  बताया जाता है कि किशन महतो रोज की तरह दिहाड़ी मजदूरी के लिए साइकिल से धनबाद की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सड़क पार करने के लिए आगे बढ़े, उसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग, परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर रफ्तार नियंत्रण के उपाय नहीं होने से लगातार दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। इस कारण लोगों में रोष देखा गया। सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने में जुट गई। पुलिस ने समझाने-बुझाने का प्रयास करते हुए जाम हटाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल, अज्ञात वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि फरार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क