Date: 02/04/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दिव्यांग महिला ने लिखी आत्मनिर्भरता की मिसाल, संघर्ष से संवार रही बेटे का भविष्य

4/2/2026 11:35:12 AM IST

38
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जहानाबाद : सदर प्रखंड के मिश्रोलिया गांव की रहने वाली दिव्यांग महिला बेमनंती देवी ने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और अपने साहस व आत्मविश्वास के दम पर महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक मिसाल पेश की है। पति के निधन के बाद जब उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया, तब उन्होंने दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय खुद के पैरों पर खड़े होने का फैसला लिया। आज वह अपने घर पर किराना दुकान चलाकर अपने छोटे बेटे के साथ परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। बेमनंती देवी ने बताया कि पति के देहांत के बाद उनके पास कोई सहारा नहीं था। परिवार और रिश्तेदारों से भी अपेक्षित मदद नहीं मिली। ऐसे में उन्होंने हिम्मत जुटाई और घर पर ही एक छोटी किराना दुकान शुरू की। धीरे-धीरे उसी दुकान के सहारे उन्होंने अपने परिवार को संभालना शुरू किया। दिव्यांग होने के बावजूद उनका जज्बा किसी से कम नहीं है। वह करीब दस किलोमीटर दूर जहानाबाद शहर से खुद ट्राई साइकिल चलाकर दुकान का सामान लाती हैं। इस दौरान उनका आठ वर्षीय बेटा भी उनके साथ रहता है और हर कदम पर मदद करता है। मां-बेटे का यह संघर्ष न केवल भावुक कर देता है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा भी बन गया है। उन्होंने बताया कि सरकार की जीविका योजना के तहत सहायता मिलने की बात तो कही जाती है, लेकिन अब तक उन्हें इसका लाभ नहीं मिल सका है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि उन्हें भी इस योजना से जोड़ा जाए, ताकि उनका छोटा व्यवसाय और मजबूत हो सके और वे अपने बेटे को बेहतर भविष्य दे सकें।
महिला सशक्तिकरण की जीवंत तस्वीर बेमनंती देवी की कहानी यह साबित करती है कि सच्ची हिम्मत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी व्यक्ति विपरीत हालात को मात दे सकता है। उनका संघर्ष महिलाओं के लिए एक संदेश है कि आत्मनिर्भर बनकर ही सशक्तिकरण संभव है। गांव के लोग भी उनकी मेहनत और जज्बे की सराहना कर रहे हैं और उन्हें एक प्रेरणा के रूप में देख रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे जरूरतमंद और मेहनती लोगों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने जीवन स्तर को और बेहतर बना सकें।
 
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज कुमार की रिपोर्ट