Date: 12/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 सड़क हादसे में घायल पशु चिकत्सक रातू हांसदा की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया  सड़क जाम

4/24/2026 5:26:53 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur  : सरायकेला के राजनगर प्रखंड के गामदेसाई निवासी एवं क्षेत्र के प्रसिद्ध पशु चिकित्सक रातू हांसदा का कल रात रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे राजनगर में शोक की लहर दौड़ गई। सम्मान स्वरूप स्थानीय दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं।प्राप्त जानकारी के अनुसार,16 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे रातू हांसदा राजनगर स्थित तारा होटल में चाय पीकर बाहर निकल रहे थे। उसी दौरान चाईबासा की ओर से जा रहे एक ट्रक से बाहर निकली लोहे की चादर उनके सिर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पहले एमजीएम, फिर टीएमएच और अंततः रिम्स रांची रेफर किया गया। लंबे इलाज के बाद वे बच नहीं सके । रातू हांसदा को लेकर स्थानीय लोग कहते है की वे न केवल एक पशुपालक थे, बल्कि क्षेत्र में एक कुशल पशु चिकित्सक के रूप में भी उनकी पहचान थी। उनके निधन से पूरे इलाके में गहरा शोक की लहार है। जैसे ही मृतक का शव रांची से राजनगर पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शाम करीब 7 बजे सिद्धो-कान्हू चौक पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। जाम की सूचना मिलते ही राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा और बीडीओ मलय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और वार्ता करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।शुक्रवार सुबह तक जाम जारी रहने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। राजनगर बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं,  ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन मुआवजे के मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है और ट्रक मालिक से संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है, जिससे समस्या का समाधान नहीं निकल पा रहा है। फिलहाल ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर डटे हुए हैं।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल  लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट