Date: 12/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पूर्वी टुंडी में जनगणना प्रशिक्षण संपन्न,6 मई से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
 

5/11/2026 11:33:21 AM IST

98
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
 Dhanbad : धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड में आगामी जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रखंड सभागार में पिछले 12 दिनों से चल रहा जनगणना प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। चार अलग-अलग बैचों में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 127 प्रगणकों और 25 पर्यवेक्षकों ने हिस्सा लिया। मास्टर ट्रेनर आशुतोष चौबे ने सभी कर्मियों को विस्तार से प्रशिक्षण दिया, ताकि जनगणना के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 मई से 15 मई तक स्व-जनगणना की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद 16 मई से 15 जून तक प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से जानकारी एकत्र करेंगे। इस दौरान प्रत्येक परिवार से जन-जीवन से जुड़े करीब 30 सवाल पूछे जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रखंड के हर घर और हर व्यक्ति की सटीक जानकारी दर्ज की जा सके। वहीं प्रशिक्षण के दौरान लोगों को जनगणना के नाम पर होने वाली ठगी और साइबर फ्रॉड से भी सतर्क किया गया। मास्टर ट्रेनर ने अपील करते हुए कहा कि जनगणना के दौरान नागरिक केवल पूछे गए सवालों के जवाब दें। किसी भी प्रगणक या अनजान व्यक्ति को आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक या मोबाइल पर आया OTP साझा न करें, क्योंकि जनगणना प्रक्रिया में इनकी कोई आवश्यकता नहीं होती। पूर्वी टुंडी प्रशासन अब जमीनी स्तर पर जनगणना शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रशासन ने लोगों से सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
 
 
कोयलांचल लाइव डेस्क