Date: 03/05/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

केमिकल से भरे वाहन में लगी अचानक भीषण आग ,मची अफरातफरी 

4/25/2026 2:26:20 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर के बरियारपुर-खड़गपुर मुख्य मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रोड मार्किंग कर रही मशीन में अचानक आग लग गई।बताया जाता है की सड़क पर व्हाइट मार्किंग का काम चल रहा था। इस काम में राजस्थान से आए पांच कारीगर लगे हुए थे। मशीन में लगे गैस सिलेंडर की मदद से केमिकल को पिघलाकर सड़क पर मार्किंग की जा रही थी।इसी दौरान फोरलेन क्रॉसिंग के पास अचानक केमिकल से भरे वाहन के केबिन में आग लग गई। देखते देखते आग कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सभी लोग तुरंत वाहन छोड़कर भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।इसी दौरान आग की तेज गर्मी के कारण मशीन में लगा गैस सिलेंडर ब्लास्ट भी हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। काफी मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। इस दौरान सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई, लेकिन बाद में पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर इस सड़क पर तेजी से काम कराया जा रहा था। कर्मचारी ने बताया कि हम लोग मार्किंग कर रहे थे, तभी अचानक केमिकल वाले बॉक्स में आग लग गई। हमें संभलने का मौका भी नहीं मिला, हम लोग तुरंत वहां से भागे।फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन अगर समय रहते कर्मचारी नहीं संभलते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज खान की रिपोर्ट