Date: 18/05/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

डायन बताकर बुजुर्ग महिला को भीड़ ने मार डाला ,एक अन्य महिला घायल,11 लोग पर पुलिस ने किया मामला दर्ज

5/13/2026 11:15:18 AM IST

50
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya  :गया  के फतेहपुर थाना क्षेत्र से अंधविश्वास और हैवानियत की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नावनगर महादलित टोला में डायन बताकर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की ईंट-पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। वहीं हमले में एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए गया रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में 11 लोगों पर आरोप लगने की बात कही है और जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 70 वर्षीय बुल्की देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक बुल्की देवी घर के बाहर खाट पर सो रही थीं। इसी दौरान दर्जन भर की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने उन्हें खाट से खींचकर कुछ दूरी पर ले जाकर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमलावरों ने इसके बाद बगल के घर पर भी हमला किया और एक अन्य महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को पुलिस ने इलाज के लिए फतेहपुर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी बुल्की देवी को डायन बताते थे। उनका कहना था कि बुल्की देवी ने तंत्र-मंत्र और जादू-टोना कर उनके परिवार के लोगों को बीमार कर दिया है। इसी अंधविश्वास में वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज कैंप डीएसपी सुनील कुमार पांडे मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया है। डीएसपी ने बताया कि परिजनों की ओर से 11 लोगों पर आरोप लगाया गया है और वैज्ञानिक अनुसंधान समेत अन्य संसाधनों की मदद से मामले का उद्भेदन किया जाएगा। फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। अंधविश्वास के नाम पर हुई इस हत्या ने एक बार फिर समाज में फैली कुरीतियों को उजागर कर दिया है।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट