Date: 06/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

विश्वविद्यालय परिसर में आधारभूत विकास की शुरुआत, पक्की सड़क निर्माण कार्य शुरू

6/1/2026 5:08:08 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : आगामी बरसात को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर परिसर के अंदर तक पक्की सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में आयोजित सीनेट बैठक में विश्वविद्यालय के विकास कार्यों के लिए बजट को मंजूरी दी गई थी। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने की थी। इस दौरान परिसर के समग्र विकास और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए कई योजनाओं पर चर्चा की गई और आवश्यक बजट पारित किया गया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषकर बरसात के मौसम में जलजमाव और कीचड़ की समस्या से निजात मिलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि परिसर के विकास के लिए अन्य योजनाओं पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा, ताकि बेहतर शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई है और इसे विश्वविद्यालय के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय कि रिपोर्ट