Date: 08/06/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 रेलवे फाटक पर भीषण जाम से त्रस्त ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, टायर जलकार किया जमकर विरोध 

6/7/2026 2:22:54 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : शिलान्यास के 3 साल बाद भी ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू न होने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने राहरगोड़ा रेलवे फाटक पर टायर जलाकर जोरदार सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। यह आंदोलन जुगसलाई विधायक प्रतिनिधि मिथुन चक्रवर्ती और उत्तर पश्चिम गदरा पंचायत की मुखिया सुनीता नाग के नेतृत्व में हुआ। झामुमो नेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि इस क्षेत्र में लाखों की आबादी है, जिनका शहर से जुड़ने का एकमात्र रास्ता यह रेलवे लाइन है। चुनाव से ठीक पहले ओवरब्रिज का ऑनलाइन शिलान्यास होने पर जनता ने सांसद पर भरोसा किया और 3 साल चुप रही, लेकिन रेल प्रशासन की उदासीनता से अब बर्दाश्त का घड़ा भर चुका है। छोटे कस्बों में अंडरपास बन गए, पर हमारे साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। मुखिया सुनीता नाग ने कहा कि फाटक जाम होने और आए दिन होने वाले हादसों में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। यह किसी पार्टी का नहीं, बल्कि आम जनता का हक है। आंदोलनकारियों ने रेल मंत्रालय को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सकारात्मक पहल करते हुए निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो 8-10 पंचायतों के ग्रामीण एकजुट होकर उग्र आंदोलन करेंगे। आने वाले दिनों में चक्का जाम और रेलवे स्टेशन का घेराव किया जाएगा तथा इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक ले जाया जाएगा।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट