Date: 16/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे छिनतई गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार, हथियार बरामद

6/16/2026 12:09:18 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : सितगोडा थाना क्षेत्र स्थित जैप-6 (JAP-6) गेट के पास पुलिस का पीछा करता देख छिनतई गिरोह के बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई और संयुक्त घेराबंदी के बाद दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, टेल्को थाना क्षेत्र के घड़ी पार्क के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से आभूषण छीन लिए और फरार हो गए। पीड़िता की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गयी, और पूरे शहर में सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया। इसी दौरान सिदगोड़ा स्थित जैप-6 गेट के पास पुलिस को पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत उनका पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर जैप-6 परिसर के अंदर घुस गए और भागने का प्रयास करने लगे। मौके पर मौजूद जैप जवानों और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए घेराबंदी की और एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की विशेष टीमों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार बरामद किए हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी के साथ शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट