Date: 16/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सड़क पर बहने लगा कुकिंग ऑयल, बर्तन लेकर तेल बटोरने पहुंच गए ग्रामीण

6/16/2026 12:09:18 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर के बरियारपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-333 पर उस वक्त एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब कोलकाता से नेपाल जा रहे एक कंटेनर से अचानक कुकिंग ऑयल का रिसाव शुरू हो गया। सड़क पर तेल बहता देख आसपास के ग्रामीण बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और तेल जमा करने में जुट गए। दरअसल, यह घटना बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव के पास की है। बताया जा रहा है कि कोलकाता से नेपाल जा रहा कुकिंग ऑयल से लदा कंटेनर जैसे ही इस इलाके में पहुंचा, उसमें अचानक रिसाव शुरू हो गया। सड़क पर तेल बहता देख स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। कोई बाल्टी लेकर पहुंचा तो कोई बोतल और डिब्बा लेकर तेल भरने में लग गया। सड़क किनारे लोगों की लंबी कतार लग गई और हर कोई ज्यादा से ज्यादा तेल अपने साथ ले जाने की कोशिश करता नजर आया। कंटेनर चालक पप्पू कुमार ने बताया कि उसे भागलपुर के विक्रमशिला पुल होकर नेपाल जाना था, लेकिन पुल की खराब स्थिति के कारण उसने मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते सफर शुरू किया। इसी दौरान जाम में फंसने के बाद कंटेनर से तेल का रिसाव शुरू हो गया। हालांकि इस पूरी घटना में किसी तरह की कोई जनहानि या दुर्घटना नहीं हुई। फिलहाल चालक कंटेनर में हुए रिसाव को ठीक कराने में जुटा है, जबकि सड़क पर बहते तेल और उसे बटोरते ग्रामीणों का वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट