Date: 25/06/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पाली इमामबाड़े में मंत्री अशोक चौधरी ने की शमा रौशन, अमन और खुशहाली की मांगी दुआ

6/24/2026 12:28:17 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jehanabad:मोहर्रम की सातवीं तारीख़ पर अलीनगर पाली का ऐतिहासिक इमामबाड़ा एक बार फिर आस्था, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब का केंद्र बना रहा। बिहार सरकार के मंत्री Ashok Choudhary अपने वर्षों पुराने रिवाज के तहत इमामबाड़े पहुंचे, जहां उन्होंने शमा रौशन कर देश, समाज और इंसानियत की सलामती, अमन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। मंत्री अशोक चौधरी का पाली इमामबाड़े से जुड़ाव केवल औपचारिक नहीं, बल्कि गहरी आस्था और आध्यात्मिक लगाव का प्रतीक माना जाता है। पिछले दो दशकों से अधिक समय से वह मोहर्रम के अवसर पर यहां पहुंचकर हाज़िरी देते रहे हैं। इस दौरान वह इमामबाड़े की चौखट पर अदब के साथ सिर झुकाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं। मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि पाली इमामबाड़ा उनके लिए केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और सुकून का केंद्र है। उन्होंने कहा, “यहां आने से मन को शांति मिलती है और दुआओं में एक अलग ही असर महसूस होता है। उन्होंने काको की ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत और हिंदू-मुस्लिम एकता की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र सदियों से प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में वह अपनी पुत्री को भी इमामबाड़े की ज़ियारत कराने यहां ला चुके हैं, ताकि नई पीढ़ी भी इस साझा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से परिचित हो सके। इस अवसर पर ऋतुराज ने भी शमा रौशन कर अपने विधानसभा क्षेत्र की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि मोहर्रम इंसाफ, कुर्बानी और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। दुआ के दौरान इमामबाड़े का माहौल बेहद भावुक और आध्यात्मिक हो गया। उपस्थित लोगों ने देश और समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारे की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर सैय्यद अलमदार हुसैन, सैयद सलमान हुसैन, रॉकी यादव, तरुण यादव, हैदर काज़मी, अकील काज़मी, सैय्यद अली इमाम और सैय्यद मोहम्मद सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। पाली इमामबाड़ा आज भी सांप्रदायिक सौहार्द, साझा संस्कृति और इंसानियत की मिसाल के रूप में लोगों की आस्था का केंद्र बना हुआ है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मन्नतें और दुआएं लेकर पहुंचते हैं।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट 
------------