Date: 04/07/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मुंगेर पुलिस का बड़ा एक्शन: 36 घंटे में 8.82 लाख लूटकांड का खुलासा, 5 अपराधी गिरफ्तार

7/4/2026 5:18:26 PM IST

10
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 36 घंटे के अंदर 8 लाख 82 हजार रुपये लूटकांड का सफल उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 8 लाख 46 हजार रुपये नकद, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूरे मामले का खुलासा सदर एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया। बताया जा रहा है कि मुंगेर के मशहूर थोक व्यापारी गोपाल साह के लिए धर्मेंद्र एजेंट का काम करता था और अलग-अलग जगहों से पैसा कलेक्शन कर लेकर आता था। स्थानीय अपराधियों को पहले से इस बात की जानकारी थी कि धर्मेंद्र समय-समय पर मोटी रकम लेकर आता-जाता है। इसी सूचना के आधार पर अपराधियों ने लूट की साजिश रची। पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने से पहले अपराधियों ने धर्मेंद्र की रेकी करवाई। इसके लिए नितीश कुमार और मनोज सहनी को लगाया गया था। दोनों लगातार धर्मेंद्र की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। रेकी पूरी होने के बाद सभी अपराधियों ने मिलकर मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर लूटकांड को अंजाम दिया।घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर बरियारपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांचों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान नीरज सिंह उर्फ नवीन सिंह, विद्यासागर सिंह उर्फ वक्कू सिंह, बबलू मंडल, नितीश कुमार और मनोज सहनी के रूप में हुई है। एसडीपीओ सदर ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 8 लाख 46 हजार रुपये नकद, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।मामले के सफल उद्भेदन के बाद टीम में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत करने की बात कही जा रही है। फिलहाल सभी गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और मामले में आगे की जांच जारी है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट