Date: 16/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

नाइट गार्ड की गोली मारकर हत्या, अपहरण केस से जुड़ा मामला 

7/16/2026 12:51:50 PM IST

10
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। ईंट-भट्ठे पर नाइट गार्ड की ड्यूटी कर रहे एक व्यक्ति की देर रात सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस इस हत्याकांड के तार मृतक की बेटी के कथित अपहरण के मामले से जोड़कर भी देख रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। मुंगेर के सफियासराय थाना क्षेत्र के डकरा सतखजुरिया गांव स्थित राजा ईंट-भट्ठा पर बुधवार देर रात अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। भट्ठे पर नाइट गार्ड के रूप में कार्यरत 45 वर्षीय सुबोध कुमार यादव चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सफियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद भी घटनास्थल पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जबकि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 29 मई को मृतक की पुत्री के कथित अपहरण का मामला सफियासराय थाना में दर्ज कराया गया था। इस मामले में एक नामजद आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। परिजनों का आरोप है कि केस वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस बेटी के अपहरण मामले से जुड़े विवाद, प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है और तकनीकी व वैज्ञानिक जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट