Date: 06/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

14वीं JPSC परीक्षा को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन 

7/22/2026 5:41:42 PM IST

104
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Ranchi : 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आज रांची में जोरदार प्रदर्शन किया गया। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता जयपाल सिंह स्टेडियम से मार्च निकालते हुए जेपीएससी कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और जेपीएससी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी के माध्यम से जेपीएससी की परीक्षाएं आयोजित करा रही है, जिसके कारण परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के लाखों युवा वर्षों से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के कारण उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। शशांक राज ने मांग की कि ब्लैकलिस्टेड कंपनी के माध्यम से आयोजित जेपीएससी की सभी परीक्षाओं को रद्द कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने विशेष रूप से 14वीं जेपीएससी परीक्षा को हर हाल में रद्द करने की मांग की। साथ ही कहा कि जब तक अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलता, तब तक भारतीय जनता युवा मोर्चा का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जेपीएससी में व्याप्त कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी।
 
रांची से कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत जयवर्धन की रिपोर्ट