Date: 11/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

झारखंड बंद का जामताड़ा में असर नहीं, बाजार और यातायात सामान्य

8/11/2026 1:43:27 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जामताड़ा: विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा बुलाए गए झारखंड बंद का जामताड़ा में खास असर नहीं दिखा। सुबह से ही मुख्य बाजार, सब्जी मंडी और अधिकांश दुकानें खुली रहीं। सड़कों पर वाहनों का परिचालन भी सामान्य रहा। बंद को सफल बनाने के लिए पूर्व मंत्री सत्यानंद झा, माधव चंद्र महतो और भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित सरण कार्यकर्ताओं के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचे और दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। हालांकि, किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सुरक्षा को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित सरण ने आरोप लगाया कि नियुक्ति प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ हो रहा है। वहीं, भाजपा नेत्री सुजाता सिंह भैया ने कहा कि यह लड़ाई युवाओं के भविष्य और निष्पक्ष नियुक्ति प्रक्रिया के लिए है। उन्होंने सरकार से पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां कराने की मांग की।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट