Date: 12/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

MLA रागिनी सिंह ने डोर स्टेप डिलीवरी और मजदूरों के रोजगार का मुद्दा उठाया

8/12/2026 6:03:50 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद: झरिया विधायक रागिनी सिंह ने शहरी क्षेत्र में डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था और एफसीआई गोदामों में काम करने वाले मजदूरों के रोजगार को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेजकर दोनों मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
 
विधायक ने कहा कि धनबाद के शहरी क्षेत्र में एफसीआई गोदामों से पीडीएस दुकानों तक खाद्यान्न की सीधी डोर स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित की जानी है। लेकिन विभागीय अधिकारियों और संबंधित संवेदकों के बीच समन्वय की कमी के कारण व्यवस्था में अनियमितता और मनमानी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि एफसीआई और जेएसएफसीआई के पत्रों तथा विभागीय निर्देशों में अंतर के कारण राशन डीलरों को भी परेशानी हो रही है। इसका असर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पर पड़ सकता है। रागिनी सिंह ने सभी शहरी राशन दुकानों तक एफसीआई गोदाम से सीधे राशन पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
 
200 मजदूरों के रोजगार का मुद्दा भी उठाया-
रागिनी सिंह ने एफसीआई गोदामों में करीब 50 वर्षों से लोडिंग-अनलोडिंग का काम कर रहे लगभग 200 मजदूरों के रोजगार का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने कहा कि नई डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के कारण इन मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। विधायक ने सरकार से मांग की कि मजदूरों के हित में पूर्व की व्यवस्था के तहत काम उपलब्ध कराया जाए या उनके लिए वैकल्पिक रोजगार की ठोस व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में बदलाव का खामियाजा गरीब मजदूरों और उनके परिवारों को नहीं भुगतना चाहिए। रागिनी सिंह ने स्पष्ट किया कि गरीबों के राशन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सरकार को पारदर्शी एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क