Date: 21/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

डुमरिया CHC की जर्जर हालत पर भड़कीं दुखनी सोरेन, 7 दिन में नए भवन में शिफ्टिंग की चेतावनी

8/21/2026 1:30:45 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur  : - पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन की बेटी और समाजसेविका दुखनी सोरेन ने शुक्रवार को पुराने पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल भवन की जर्जर हालत देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। निरीक्षण के दौरान दुखनी सोरेन ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र और जांच कक्ष समेत अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि कई जगहों पर छत और प्लास्टर टूटकर गिर रहे हैं, जबकि छज्जे की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। ऐसे में अस्पताल में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दुखनी सोरेन ने कहा कि जब डुमरिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनकर पूरी तरह तैयार है, तो आखिर अब तक वहां अस्पताल को शिफ्ट क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि एक तरफ नया भवन तैयार पड़ा है, वहीं दूसरी ओर पुराने भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सात दिनों के भीतर अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट नहीं किया गया, तो वह राज्यपाल और स्वास्थ्य मंत्री से इसकी शिकायत करेंगी। जरूरत पड़ने पर जनता के साथ मिलकर नए भवन में अस्पताल की शिफ्टिंग कराने के लिए कदम उठाने की भी बात कही।
 
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए  बिनोद केसरी की रिपोर्ट