Date: 01/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लकड़का 6 नंबर चाणक के पास जोरदार आवाज के साथ धंसी जमीन, गोफ में गिरा मवेशी,सुरक्षा को लेकर लोगों में नाराजगी.
 

8/31/2026 12:44:25 PM IST

25
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Baghamara :  धनबाद में लगातार हो रही बारिश के बीच कोलियरी परियोजना क्षेत्रों के आसपास भू-धंसान की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का 6 नंबर चाणक के समीप का है, जहां सोमवार को अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई। देखते ही देखते एक घर के बगल में गहरा गोफ बन गया। इसी दौरान एक मवेशी गोफ में जा गिरा और अंदर फंस गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर जुटे और मवेशी को बाहर निकालने की कोशिश में लग गए। वहीं, घटना के काफी देर बाद तक BCCL का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन और BCCL से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। तस्वीरें कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का 6 नंबर चाणक की हैं, जहां अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जोरदार आवाज के साथ एक घर के समीप की जमीन धंस गई और देखते ही देखते वहां गहरा गोफ बन गया। जमीन धंसने के दौरान एक मवेशी अचानक गोफ में जा गिरा और अंदर फंस गया। मवेशी के गोफ में गिरने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मवेशी को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना ने आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोलियरी परियोजना क्षेत्रों के आसपास पहले भी भू-धंसान और गोफ बनने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में जमीन धंसने की इस घटना के बाद लोगों को अपने घर और जान-माल की सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा है। वहीं, स्थानीय लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि घटना की सूचना के बावजूद अब तक BCCL का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। लोगों ने मांग की है कि तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया जाए और गोफ के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों की आवाजाही रोकी जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। आपको बता दें कि कतरास थाना क्षेत्र में इससे पहले भी भू-धंसान की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। छाताबाद में बड़ी भू-धंसान की घटना के साथ ही सलेक्टेड गोविंदपुर और काजुबगान में भी जमीन धंसने और गोफ बनने की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने कोलियरी क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
 
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशीनाथ की रिपोर्ट