Date: 02/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन लूट गिरोह का किया पर्दाफाश, मामले में बिहार और झारखंड से चार आरोपी गिरफ्तार, धनबाद के निरसा से लूटी गई ऑटो बरामद....

10/2/2026 6:53:37 PM IST

10
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में बिहार के नवादा, जमुई और झारखंड से जुड़े आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई ऑटो को झारखंड के धनबाद से बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह बिहार और झारखंड में वाहन लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामला मुंगेर के गंगटा थाना क्षेत्र का है, 25 सितंबर की रात जमालपुर रेलवे स्टेशन से बीआर-08पी-5745 नंबर की ऑटो गंगटा के लिए निकली थी। गंगटा थाना से करीब एक किलोमीटर पहले ऑटो पर सवार अपराधियों ने चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद उसका मुंह बंद कर हाथ-पैर बांध दिए और सड़क किनारे झाड़ी में फेंककर ऑटो लेकर फरार हो गए।
26 सितंबर को सफियासराय थाना क्षेत्र के नौलखा निवासी सिंटू कुमार ने गंगटा थाना में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर गठित टीम ने CCTV फुटेज और अन्य मानवीय स्रोतों के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद जमुई के गढ़ी थाना क्षेत्र के हरनी गांव में छापेमारी कर धर्मेंद्र कुमार उर्फ धड़कन, नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के फरकी पत्थर निवासी कुंदन कुमार और विक्की कुमार को गिरफ्तार किया गया।
इनकी निशानदेही पर पुलिस ने झारखंड के धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर निशांत कुमार को गिरफ्तार किया। निशांत मूल रूप से नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र के बहादुरगंज का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार और कुंदन कुमार ने जमालपुर से ऑटो बुक की थी, जबकि विक्की कुमार रास्ते में इनके साथ शामिल हुआ। तीनों ने लूटी गई ऑटो को निशांत कुमार के पास 25 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने निशांत की निशानदेही पर धनबाद से लूटी गई ऑटो को बरामद कर ली है।
एसपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी एक गिरोह के रूप में काम करते थे और बिहार एवं झारखंड में इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में चोरी और शराब से जुड़े मामलों में जेल जाने का भी रिकॉर्ड रहा है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट