Date: 26/10/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दामोदा कोलियरी में संडे और हॉलिडे ड्यूटी बंद होने से भड़के मजदूर, कार्यालय महाप्रबंधक के समक्ष किया धरना-प्रदर्शन
 

10/26/2026 4:41:13 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Baghmara : बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र सं०-01 अंतर्गत दामोदा कोलियरी के ओसीपी में कार्यरत मजदूरों की संडे और हॉलिडे ड्यूटी बंद किए जाने के विरोध में संयुक्त मोर्चा, बरोरा क्षेत्र सं०-01 ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संयुक्त मोर्चा ने बरोरा क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन और सत्याग्रह शुरू कर दिया है। इससे पूर्व संयुक्त मोर्चा ने बरोरा क्षेत्र के महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर आज से महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और सत्याग्रह शुरू करने की घोषणा की थी। संयुक्त मोर्चा के जनता मजदूर संघ के क्षेत्रीय सचिव मंगल हेम्ब्रम ने बताया कि जमीन विवाद के कारण रैयतों द्वारा दामोदा ओसीपी का परिचालन कार्य 8 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। इसके चलते वहां कार्यरत मजदूरों को संडे और हॉलिडे ड्यूटी देना बंद कर दिया गया है।  
​मोर्चा का कहना है कि एएमपी कोलियरी से दामोदा कोलियरी में स्थानांतरण के समय तत्कालीन महाप्रबंधक के साथ हुई वार्ता में यह सहमति बनी थी कि जिस प्रकार एएमपी कोलियरी में संडे और हॉलिडे ड्यूटी दी जाती है, ठीक उसी तरह दामोदा कोलियरी में भी बिना किसी कटौती के यह सुविधा जारी रहेगी। इसके बावजूद प्रबंधन ने बिना किसी पूर्व सूचना या यूनियन प्रतिनिधियों से वार्ता किए हॉलिडे ड्यूटी बंद कर दी।इस लिए महाप्रबंधक से इस मामले में अपने स्तर से हस्तक्षेप कर समस्या का शीघ्र निदान करने की मांग करते है।अन्यथा पुरे बरोरा क्षेत्र का चक्काजाम करने का काम करेंगे।
 
बाघमारा से  कोयलांचल लाइव के लिए काशीनाथ रवानी की रिपोर्ट |