जमशेदपुर : जमशेदपुर के करनडीह मुख्य सड़क स्थित सरकारी नाली को अवरुद्ध किए जाने तथा जलजमाव की समस्या के समाधान की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। लोगों ने बताया कि वे सभी उत्तरी करनडीह पंचायत के निवासी हैं। पंचायत क्षेत्र के घरों, फ्लैटों एवं अन्य भवनों का निकासी जल मुख्य सड़क के किनारे स्थित सरकारी नाली के माध्यम से करनडीह रेलवे क्रॉसिंग के नाले में प्रवाहित होता है। यह व्यवस्था कई दशकों से सुचारु रूप से संचालित होती आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व कुछ लोगों ने बिना किसी पूर्व सूचना, जनसहमति या प्रशासनिक अनुमति के सरकारी नाली को सीमेंट, बालू और मिट्टी डालकर अवरुद्ध कर दिया। इसके परिणामस्वरूप नाली का पानी सड़क पर जमा होने लगा, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही क्षेत्र में जलजमाव और गंदगी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इस संबंध में अंचल अधिकारी तथा परसुडीह थाना में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई कर नाली को खुलवाने और जलनिकासी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केशरी की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़