Date: 24/10/2025 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

79 वर्ष पुरानी परंपरा से चित्रगुप्त पूजा का निर्वहन पूरे उत्साह से कर रही है धनबाद माडा क्लब 

10/23/2025 4:13:23 PM IST

41
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  : शहर के  प्रतिष्ठित धनबाद माडा क्लब में चित्रगुप्त पूजा समिति द्वारा 1946 से लगातार चित्रगुप्त पूजा उत्सव को आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष भी समिति के सेंट्रल कमिटी ने बड़े उत्साह के साथ तैयारियां कीं। अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में पूजा का विधिवत आयोजन हुआ, जिसमें महासचिव अमरेंद्र सहाय ने सभी कार्यकर्ताओं का संयोजन किया। पूजा स्थल पर कलम-दवात, खाते-बही और सफेद कागज की विशेष पूजा की गई, जो भगवान चित्रगुप्त के प्रतीक हैं। पूजा में अधिवक्ता उदय शंकर सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के सदस्य शामिल हुए। अमरेंद्र सहाय ने बताया, "यह पूजा हमें अपने कर्मों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देती है। 79 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा धनबाद की सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न अंग है।" पूजा के बाद आयोजित भाई भोज में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया, जहां सत्य, न्याय और सदाचार पर चर्चा का दौर चला। पूजा में रविभूषण श्रीवास्तव, अमितेश सहाय, नीरज श्रीवास्तव, संजय बख्शी सहित अन्य मौजूद रहे।
 
जिले भर में 25 से अधिक स्थानों पर भव्य आयोजन :
 
धनबाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चित्रगुप्त पूजा का उत्साह देखने लायक था। हाउसिंग कॉलोनी, सिनीडीह, पुराना स्टेशन, हीरापुर, सहयोगी नगर, बाबूडीह जैसे स्थानों पर अलग-अलग समितियों ने पंडाल सजाए। श्री श्री नर्मदेश्वर मंदिर में श्री श्री चित्रगुप्त पूजा समिति के आयोजन में झामुमो नेता अमितेश सहाय ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि आज भव्य चित्रगुप्त पूजा में आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। सभी के जीवन में ज्ञान, समृद्धि और सुख-शांति बनी रहे।" इसी तरह, नर्मदेश्वर मंदिर में कायस्थ कल्याण सभा द्वारा आयोजित पूजा में भी श्रद्धालु उपस्थित रहे। चित्रगुप्त मंदिरों में भी विशेष आरतियां और मंत्रोच्चार हुए। प्रत्येक स्थान पर पंडालों में हल्दी से 'ॐ चित्रगुप्ताय नमः' लिखा गया और मस्याधार पूजा (कलम-दवात पूजा) का विधान निभाया गया। जिले भर में लगभग 25 से अधिक स्थानों पर ऐसे आयोजन हुए, जहां पूजा के बाद भाई भोज में मिठाई, फल और खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
 
उमेश तिवारी कोयलांचल लाइव डेस्क