Date: 14/05/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एग्रिको ट्रिपल मर्डर केस में अनसुलझी पहेली को पुलिस सुलझाने में लगी ,पैसों का एंगल बना बड़ा रहस्य !

5/14/2026 11:28:16 AM IST

39
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur  :जमशेदपुर के एग्रिको में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस की जांच अब धीरे धीरे संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गई है। शुरुआत में इसे मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद से जोड़ कर देखा जा रहा था। लेकिन अब जांच की दिशा सीधे लाखों रुपये के लेन-देन और परिवार के संयुक्त बैंक खाते की ओर मुड़ गई है।पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार रविंद्र प्रसाद सिंह से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया है कि टाटा स्टील से रिटायरमेंट के बाद रविंद्र के खाते में करीब ₹1.24 करोड़ रुपये आए थे। इनमें से कुछ रकम पोस्ट ऑफिस और एफडी में निवेश की गई, जबकि बड़ी राशि परिवार के संयुक्त बैंक खाते में रखी गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना से कुछ दिन पहले रविंद्र बैंक पहुंचा था, जहां उसे पता चला कि खाते में केवल ₹6 लाख रुपये बचे हैं। दावा किया जा रहा है कि लगभग 33 लाख रुपये खाते से गायब थे। इसी के बाद परिवार में तनाव बढ़ने की बात सामने आई है। अब पुलिस यह जानने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम आखिर निकाली किसने और उसका इस्तेमाल कब और कहां हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कई दिनों से मानसिक तनाव और अनिद्रा से जूझ रहा था। उसके अनुसार, रात में खाना खाने के बाद अचानक उसके मन में “शैतानी ख्याल” आया और उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद बेटे और गर्भवती बेटी की भी हत्या कर दी गई।
हालांकि पुलिस आरोपी के इस बयान को पूरी तरह सच नहीं मान रही। अधिकारियों को शक है कि हत्या के पीछे आर्थिक विवाद, पारिवारिक तनाव और रिश्तों में टूटन जैसी गहरी वजहें छिपी हो सकती हैं। इसी कारण अब आरोपी का नार्को टेस्ट और लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने की तैयारी की जा रही है।
 
बड़े बेटे के बयान ने बढ़ाई उलझन :
 
मामले में नया मोड़ तब आया जब रायपुर से पहुंचे बड़े बेटे अभिषेक कुमार ने अपने बयान में पिता को सीधे तौर पर दोषी मानने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि पिता तनाव में जरूर थे, लेकिन वह अब भी विश्वास नहीं कर पा रहा कि वे ऐसा कदम उठा सकते हैं।
फिलहाल पुलिस ने थाना प्रभारी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और अब बैंक ट्रांजैक्शन, पारिवारिक रिश्तों और आरोपी की मानसिक स्थिति—तीनों पहलुओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
 
अंतिम संस्कार में छलका दर्द और आक्रोश : 
 
मंगलवार को तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। श्मशान घाट में मातम पसरा रहा। परिजन रो-रोकर बेसुध दिखे, वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी गुस्सा भी देखने को मिला। मृतका सरिता देवी के मायके पक्ष ने दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। फ़िलहाल अब यह मामला पूरे एग्रिको इलाके के साथ साथ पुलिस के लिए अनसुलझी पहले बन गई है। अब देखना यह है की पुलिस इस अनसुलझी पहेली को कैसे सुलझा पाती है। —
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम मिश्रा की रिपोर्ट