Date: 19/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस का अभियान, छात्राओं को बताए ठगी से बचने के तरीके

8/19/2026 2:47:05 PM IST

36
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर बुधवार को पूर्वी टुंडी स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं को साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों और उससे बचने के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने अनजान लिंक, ओटीपी फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों को लेकर छात्राओं को विशेष रूप से सतर्क किया। पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार और अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने छात्राओं को बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध फाइल या ऐप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई।पुलिस ने छात्राओं से अपना OTP, पासवर्ड और अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही डिजिटल अरेस्ट के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल से घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। साइबर अपराधियों द्वारा पुलिस या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर डराने और पैसे की मांग करने पर सतर्क रहने की जरूरत है। अभियान का उद्देश्य छात्राओं को कम उम्र से ही साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे खुद ठगी से बचने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकें।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क