Date: 20/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 कृषि बाजार कर्मी के घर पर बमबाजी, मुख्य दरवाजा हुआ क्षतिग्रस्त

6/20/2026 12:54:55 PM IST

25
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद जिले के रामकनाली ओपी क्षेत्र में बीती देर रात बमबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने कृषि बाजार कर्मी कमलेश्वर बेलदार के घर को निशाना बनाया। इस घटना में घर का मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना के संबंध में भुक्तभोगी कमलेश्वर बेलदार ने बताया कि देर रात उनके घर के मुख्य दरवाजे के पास अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग सहम गए। कुछ देर बाद जब बाहर निकलकर देखा गया तो मौके पर कोई मौजूद नहीं था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर किस वजह से उनके घर को निशाना बनाया गया। कमलेश्वर बेलदार का कहना है कि उनका न तो कोई राजनीतिक जुड़ाव है और न ही किसी विवाद या अवैध कारोबार से कोई संबंध है। ऐसे में घटना के पीछे की वजह रहस्य बनी हुई है। घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हमलावरों की मंशा क्या थी और उन्होंने इसी घर को क्यों निशाना बनाया, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। इधर भुक्तभोगी की लिखित शिकायत के आधार पर रामकनाली ओपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं, बमबाजी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। 
 
अनु शर्मा कोयलांचल लाइव डेस्क