Date: 13/07/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बारिश के बाद जलजमाव से आवागमन बाधित, प्रवेश मार्ग की मरम्मत की उठी मांग

7/13/2026 3:24:47 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा: भोजपुर जिला मुख्यालय स्थित सदर प्रखंड (ब्लॉक) कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार इन दिनों कीचड़ और जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। हल्की बारिश के बाद ही पूरे प्रवेश मार्ग पर पानी और कीचड़ जमा हो जाने से प्रतिदिन आने वाले सैकड़ों लोगों के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, दिव्यांगजन और छोटे बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती है। फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है। सदर प्रखंड परिसर में ब्लॉक कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित कई सरकारी कार्यालय संचालित हैं, जहां रोज बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सरकारी कार्यों और इलाज के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद मुख्य प्रवेश मार्ग की बदहाल स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मुख्य प्रवेश द्वार की तत्काल मरम्मत कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
 
कोयलांचल लाइव के लिए आरा से आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट