Date: 17/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 डैम में डूबने से 23 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम

7/17/2026 3:33:36 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के डिमना डैम में एक दर्दनाक हादसे में सोनारी कागलनगर निवासी 23 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने छोटे भाई के साथ डिमना डैम घूमने पहुंचा था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। जमशेदपुर के डिमना डैम में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में सोनारी कागलनगर निवासी 23 वर्षीय पीयूष कुमार की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पीयूष अपने छोटे भाई आयुष के साथ डिमना डैम घूमने आया था। घूमने के दौरान दोनों भाइयों ने डैम में नहाने का फैसला किया। शुरुआत में दोनों उथले पानी में थे, लेकिन कुछ देर बाद पीयूष अनजाने में गहरे हिस्से की ओर चला गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह अपना संतुलन खो बैठा और डूबने लगा। छोटे भाई आयुष ने अपने भाई को बचाने की पूरी कोशिश की और जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बोड़ाम थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद पीयूष का शव डैम से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय विधायक सरयू राय भी घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन से आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने की बात कही। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट