Date: 06/10/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

PDS डिपो पर अस्थायी कर्मचारियों का प्रदर्शन, राशन आपूर्ति रही प्रभावित

7/17/2026 3:33:36 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर में जन वितरण प्रणाली यानी पीडीएस की व्यवस्था शुक्रवार को कुछ समय के लिए प्रभावित हो गई। साकची, बर्मामाइंस और करनडीह के दर्जनों अस्थायी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पीडीएस डिपो गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राशन ढोने वाली गाड़ियों को भी रोक दिया, जिससे आपूर्ति व्यवस्था कुछ समय के लिए बाधित रही। जमशेदपुर के साकची, बर्मामाइंस और करनडीह क्षेत्र के पीडीएस डिपो में कार्यरत दर्जनों अस्थायी कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर एकजुट हुए और डिपो गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डिपो से निकलने वाली जन वितरण प्रणाली की राशन गाड़ियों को रोककर प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि वे कई वर्षों से अस्थायी कर्मी के रूप में कार्य कर रहे हैं, लेकिन आज तक उनका स्थायीकरण नहीं किया गया। इसके अलावा उन्हें नियमित वेतन, वेतन वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ और अन्य श्रमिक अधिकार भी नहीं मिल रहे हैं। उनका आरोप है कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद विभाग ने अब तक कोई ठोस पहल नहीं की है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक स्थायीकरण, नियमित वेतन भुगतान और अन्य लंबित मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए पीडीएस की राशन आपूर्ति प्रभावित रही और डिपो से निकलने वाली गाड़ियों का परिचालन बाधित हुआ। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए  शिवम मिश्रा की रिपोर्ट