Date: 22/07/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सुरक्षाकर्मी और परिजनो ने की शिकायत पर डीएम ने लिए संज्ञान अधीक्षक को लगाई फटकार

7/22/2026 5:18:08 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
गया : गया के प्रभावती अस्पताल में पैथोलैब के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान लायंस कंपनी के सुरक्षाकर्मियों ने डीएम से शिकायत की  उन्हें पिछले छह महीनों से वेतन नहीं मिला है। अपनी पीड़ा बताते हुए एक सुरक्षाकर्मी भावुक होकर रो पड़ा। शिकायत सुनते ही डीएम ने प्रभावती अस्पताल के अधीक्षक को मौके पर ही फटकार लगाई और वेतन भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान एक मरीज के परिजन ने भी शिकायत की अस्पताल में सुविधा होने के बावजूद अल्ट्रासाउंड के लिए उन्हें बाहर भेजा जा रहा है। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए पूछा कि जब अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध है तो मरीजों को बाहर क्यों भेजा जा रहा है। उन्होंने व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।बता दें कि प्रभावती अस्पताल में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से कई जिलों में पैथोलैब का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक, डीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं गया नगर निगम के महापौर गणेश पासवान और जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने की नसीहत दी।
 
 
गया से कोयलांचल लाइव से मनोज कुमार की रिपोर्ट