Date: 08/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

डीएम की नई पहल, Gen Z से सीधे संवाद कर सुनेंगे युवाओं की समस्याएं

8/7/2026 6:41:20 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जहानाबाद: जिला प्रशासन ने युवाओं को शासन-प्रशासन से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत की है। शुक्रवार को एसएन सिन्हा कॉलेज के सभागार में 'मिलेनियल पदाधिकारी के साथ Gen Z का संवाद' कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा, नवाचार और सकारात्मक सोच विकसित भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल समस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि युवाओं को विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना भी है। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने शैक्षणिक व्यवस्था, पुस्तकालय, आधारभूत सुविधाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, रोजगार, कौशल विकास और नशा मुक्त समाज जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। डीएम ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने बताया कि 'मिलेनियल पदाधिकारी के साथ Gen Z का संवाद' कार्यक्रम अब प्रत्येक सप्ताह जिले के विभिन्न महाविद्यालयों और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और उन्हें शासन-प्रशासन की विकास यात्रा का सहभागी बनाना है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रमेश कुमार पाल, गोविंद कुमार, एसएन सिन्हा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मेघन प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट