Date: 18/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

प्रकाशन उन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम में शोध पत्र प्रकाशन के गुर बताए

8/18/2026 4:11:46 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा: वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग में विभागाध्यक्ष प्रो. यशवंत कुमार की अध्यक्षता में ‘प्रकाशन उन्मुख प्रशिक्षण’ विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान के प्रख्यात विद्वान प्रो. सत्यगोपाल ने शोध पत्र के प्रकाशन की प्रक्रिया एवं इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रो. सत्यगोपाल ने कहा कि शोध पत्र लिखना ज्ञान के विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम है। शोधार्थी जब नए ज्ञान को वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से शोध पत्र के माध्यम से प्रस्तुत करता है, तो इससे शोध की विश्वसनीयता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि शोध पत्र शोधकर्ता के अकादमिक कार्य का महत्वपूर्ण आधार होता है। इसके माध्यम से साहित्य समीक्षा और संदर्भ सूची को भी व्यवस्थित रूप दिया जाता है। एकेडमिक करियर में शोध पत्रों का प्रकाशन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. वाचस्पति दूबे ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ. लाल बाबू सिंह, प्रो. अवध बिहारी सिंह, डॉ. मनोज सहित कई शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अभिषेक कुमार तिवारी, प्रियांशी, श्वेता, आनंद सहित अन्य शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।
 
कोयलांचल लाइव के लिए आरा से आशुतोष की रिपोर्ट