Date: 31/10/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

रेलवे प्लेटफॉर्म पर फर्राटे भर रही बाइकें, यात्रियों की सुरक्षा से हो रहा खिलवाड़, सोशल मिडिया पर वीडियो वायरल .......

10/31/2026 4:55:36 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा : अगर आपसे पूछा जाए कि क्या आपने किसी रेलवे प्लेटफॉर्म पर बाइक को फर्राटे भरते देखा है तो आपका जवाब होगा नहीं | लेकिन हम आपको जो तस्वीर दिखा रहें है उसमे आप साफ़ तौर पर देख सकते है कि किस तरह एक नहीं बल्कि कई लोग प्लेटफॉर्म परिसर पर तेज गति से अपनी बाइक से तेज गति की रफ़्तार से चल रहे है | यह तस्वीर बिहार के आरा से निकल कर सामने आई है, जहां लोगो की इस हरकत से सिर्फ यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ ही नहीं बल्कि आरपीएफ तथा जीआरपी की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठने लगे है | यहां यह कहना गलत नहीं होगा कि आरा रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खुलेआम मोटरसाइकिलों के परिचालन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेन पकड़ने और उतरने के लिए आते-जाते हैं, उसी प्लेटफॉर्म पर कई लोग मोटरसाइकिल लेकर तेज रफ्तार में आवाजाही कर रहे हैं। वीडियो में एक-दो नहीं, बल्कि कई मोटरसाइकिल सवार प्लेटफॉर्म पर बेखौफ होकर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्लेटफॉर्म से सटी सड़क के रास्ते कुछ लोग अपनी मोटरसाइकिल प्लेटफॉर्म पर चढ़ा लेते हैं और जल्दबाजी में उसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। ऐसे में प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर मोटरसाइकिलों का प्रवेश कैसे हो रहा है? यदि प्लेटफॉर्म पर इस तरह वाहनों का परिचालन जारी रहा तो किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। इधर, वायरल वीडियो का आरपीएफ ने संज्ञान लिया है। आरा आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर मामले में छानबीन और अनुसंधान जारी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में रेलवे प्लेटफॉर्म पर मोटरसाइकिल का परिचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल वायरल वीडियो ने आरा जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था और प्लेटफॉर्म पर वाहनों के प्रवेश को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि आरपीएफ की जांच के बाद इस तरह की गतिविधियों पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव क़े लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट |