Date: 31/10/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बस की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम ! 

10/31/2026 1:04:03 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya: जिले के आमस थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। कुडाशिन गांव आनंद रिसॉर्ट के पास एक तेज रफ्तार एक स्कूल बस ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 23 वर्षीय युवक नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी विवेक कुमार घायल हो गया। ​मृतक नीरज कुमार आमस थाना क्षेत्र के हरिदासपुर गांव के रहने वाले वशिष्ठ यादव के पुत्र थे। जानकारी के मुताबिक, नीरज और विवेक शेरघाटी बाजार से खरीदारी कर अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूल बस ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और बस का पिछला पहिया नीरज के ऊपर से गुजर गया। ​घटना के बाद राहगीर बिट्टू सिंह ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल युवक को अपनी गाड़ी से शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस असामयिक मौत से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे हरिदासपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।
 
गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट