Date: 23/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

13 दिनों से लापता 13 वर्षीय आदित्य राज का सुराग नहीं परिवार ने लोगों से लगाई मदद की गुहार....

10/22/2026 5:19:20 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Jahanabad : काको थाना क्षेत्र के काजीसराय गांव निवासी 13 वर्षीय आदित्य राज आठ अक्टूबर से लापता है। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। बेटे की याद में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता अरविंद वर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी उनका बेटा दिखाई दे, तो तत्काल परिवार या पुलिस को सूचना दें। परिजनों के अनुसार, आदित्य आठ अक्टूबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। रिश्तेदारों, परिचितों और उसके दोस्तों के घर जाकर भी पूछताछ की गई, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली। इस संबंध में काको थाना में लिखित आवेदन भी दिया गया है। पिता अरविंद वर्मा ने बताया कि वह छोटा व्यवसाय करते हैं और दिवाली के लिए सामान खरीदने को कुछ रुपये घर में रखे थे। उनके अनुसार, आदित्य घर से निकलते समय कुछ पैसे भी अपने साथ ले गया था। उन्होंने बताया कि बेटा पढ़ाई में तेज और समझदार है तथा काजीसराय स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में छठी कक्षा का छात्र है। पिता के मुताबिक, पुलिस बच्चे की तलाश कर रही है और उन्हें समय-समय पर जानकारी भी मिल रही है। विभिन्न स्थानों पर उसकी तस्वीर लगाकर भी खोजबीन की जा रही है। अरविंद वर्मा ने भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि उनका बेटा कहीं से यह खबर या वीडियो देख रहा है, तो परिवार से संपर्क कर घर लौट आए। उन्होंने लोगों से भी बच्चे को खोजने में मदद करने का आग्रह किया है। आदित्य की उम्र 13 वर्ष, लंबाई करीब पांच फीट और रंग गोरा है। घर से निकलते समय उसने पीली शर्ट और काला हाफ पैंट पहन रखा था। परिजनों ने कहा कि आदित्य के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर इन नंबरों या स्थानीय पुलिस को सूचित करें, ताकि उसे सकुशल घर वापस लाया जा सके।

 

जहानाबाद से कोयलांचल लाइव केलिए पंकज कुमार की रिपोर्ट