Date: 22/07/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सरकारी तालाबों की तीन वर्षों के लिए बंदोबस्ती पूरी, सरखेलडीह और बेना तालाब आवंटित

7/21/2026 3:27:41 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : जामताड़ा जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और सरकारी जलाशयों के बेहतर उपयोग के उद्देश्य से सरकारी तालाबों की तीन वर्षों के लिए बंदोबस्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जिला कृषि कार्यालय में आयोजित डाक प्रक्रिया जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी रितु रंजन समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। डाक प्रक्रिया में सरखेलडीह तालाब की सबसे अधिक बोली लगाकर लालटू सरखेल ने बंदोबस्ती अपने नाम कराई। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र स्थित बेना तालाब की सर्वोच्च बोली पाकडीह निवासी मुख्तार अंसारी ने लगाई, जिसके बाद तालाब की बंदोबस्ती उनके नाम कर दी गई। दोनों तालाबों का बंदोबस्त तीन वर्षों के लिए किया गया है। हालांकि, नाला तालाब के लिए कोई भी बोलीदाता नहीं पहुंचा, जिसके कारण उसकी नीलामी नहीं हो सकी। विभाग के अनुसार, जल्द ही नई तिथि घोषित कर नाला तालाब के लिए दोबारा डाक प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। विभाग का कहना है कि सरकारी तालाबों की समयबद्ध बंदोबस्ती से जिले में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सरकारी जलाशयों का बेहतर एवं उत्पादक उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट