Date: 28/05/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 ईद उल जुहा सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न

5/28/2026 12:35:00 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद जिलेभर में गुरुवार को ईद उल जुहा का पर्व श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। धनबाद के रेलवे ग्राउंड समेत जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में ईद उल जुहा की नमाज अदा की गई। नमाज को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी तैनात रहे ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। इस दौरान जामा मस्जिद के इमाम ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ईद उल जुहा त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और समाज में प्रेम व सौहार्द कायम रखने की अपील की। साथ ही देश में अमन और शांति बनी रहे इसके लिए विशेष दुआ की गई। इमाम ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि पर्व मनाने के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक कर्तव्य भी है। ईद के अवसर पर लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर ईद की बधाई दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। पूरे जिले में ईद उल जुहा का त्योहार सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक कुमार की रिपोर्ट